देहरादून में किराएदारों के बीच खूनी झड़प, चाकू-डंडों से हमला; महिला समेत चार घायल

देहरादून न्यूज़– शहर के पटेलनगर क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी में दो किराएदारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किराएदारों ने नीचे रहने वाले किराएदारों पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अस्पताल में भी एक महिला के साथ मारपीट की गई और उसे थप्पड़ मारे गए।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में छह नामजद आरोपितों समेत करीब 45 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में पंजाबी कॉलोनी निवासी रूबी कुरैशी ने बताया कि घटना 9 मार्च की रात की है। वह अपने घर के अंदर बैठे थे, तभी अरशद कुछ युवकों के साथ ऊपर की मंजिल पर जा रहा था। इस दौरान उनके छोटे भाई ने उससे पूछा कि वह ऊपर किसके घर जा रहा है। इस बात पर अरशद भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चौकी बुलाया। इसी बीच उन्हें फोन आया कि अरशद करीब 45 से 50 युवकों के साथ उनके घर पहुंच गया है और वहां तोड़फोड़ कर रहा है।
जब वह घर पहुंचे तो आरोपितों ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रूबी कुरैशी, अब्बास, उनकी मां और रहिश कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां भी आरोपितों ने हंगामा किया और एक महिला के साथ मारपीट करने का आरोप है।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अरशद, आरिफ, मोनिस, आसिफ, अहमद उर्फ भवानी, उजैर समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








