उत्तराखंड में राखी से पहले खूनी खेल, भाई ने दो बहनों को गोलियों से भूना, दोनों की मौत, एक का पति गंभीर

रुड़की न्यूज़- राखी के त्योहार से महज तीन दिन पहले रुड़की में सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक भाई ने कथित तौर पर अपनी दोनों बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान एक बहन का पति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
15 मिनट के अंतराल में दो जगह फायरिंग
एसपी ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 बजे आरोपी विक्की ने गणेशपुर निवासी अपनी बहन शकुंतला को गोली मार दी। इसके करीब 15 मिनट बाद वह आजादनगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुष्पा का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका है। हालांकि, दोनों हत्याओं की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दोनों घटनास्थलों पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और मृतकों के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों बहनों की हत्या के बाद आरोपी विक्की फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
राखी से ठीक पहले हुई इस वारदात ने पूरे रुड़की क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब दोहरे हत्याकांड की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।







