देहरादून पॉलिटेक्निक में बवाल: नकल के आरोप में पकड़े छात्र के परिजनों ने शिक्षकों को पीटा, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

देहरादून न्यूज़- राजकीय पॉलिटेक्निक पिठूवाला में परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में पकड़े गए एक छात्र को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि छात्र के परिजन अगले दिन कॉलेज पहुंच गए और परीक्षा नियंत्रण कक्ष में घुसकर शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। शिक्षकों और कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 4 जून को पॉलिटेक्निक में परीक्षा चल रही थी। कॉलेज प्रशासन का दावा है कि फाइनल ईयर सिविल इंजीनियरिंग का छात्र कबीर कंडवाल बार-बार पीछे बैठे एक अन्य छात्र से बातचीत करने की कोशिश कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में छात्र को कई बार पीछे मुड़ते और बाद में अपनी सीट छोड़कर दूसरे छात्र के पास जाते हुए देखा गया। इसके बाद परीक्षा नियंत्रण समिति ने दोनों छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाया।
कॉलेज स्टाफ के मुताबिक छात्र से लिखित माफीनामा मांगा गया, लेकिन उसने कथित तौर पर यह कहते हुए दबाव बनाने की कोशिश की कि उसके पिता पुलिस विभाग में हैं। शिक्षकों का कहना है कि छात्र के भविष्य को देखते हुए उसे समझाकर दोबारा परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई।
हालांकि अगले ही दिन 5 जून को छात्र अपने पिता, मामा और अन्य परिजनों के साथ कॉलेज पहुंच गया। शिक्षकों का आरोप है कि परिजन सीधे परीक्षा नियंत्रण कक्ष में घुसे और वहां मौजूद शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान थप्पड़ मारने, कुर्सियां फेंकने और तोड़फोड़ करने की घटना भी सामने आई है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिक्षकों का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान कुछ कर्मचारी वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे, जिससे परिजन और भड़क गए। कर्मचारियों के अनुसार मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी महिला शिक्षकों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि छात्र के पिता महेश कंडवाल उत्तराखंड पुलिस के संचार विभाग में दरोगा हैं, जबकि उसका मामा एसटीएफ में तैनात है। दोनों घटना के समय कॉलेज पहुंचे लोगों में शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के विरोध में शनिवार को संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्यस्थल पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि छात्र का भविष्य खराब न हो, इसलिए उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई।
वहीं छात्र पक्ष का आरोप है कि परीक्षा के दौरान उनके बेटे के साथ शिक्षकों ने अभद्रता और मारपीट की। दोनों पक्षों ने पटेलनगर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








