हल्द्वानी में CM धामी की व्यापारियों को 8 बड़ी सौगातें, आपदा राहत से लेकर चारधाम मार्ग पर पार्किंग तक हुए ऐलान

हल्द्वानी न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए व्यापारियों के हित में आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत, जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा का प्रचार-प्रसार, पर्यटन कारोबार के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था, होमस्टे का विस्तार और चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग विकसित करने जैसे अहम फैसले शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने देगी और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और रोजगार सृजन से लेकर स्थानीय बाजारों को मजबूत बनाने तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी केवल वस्तुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अहम योगदान देते हैं। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगों तक, सभी राज्य में रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोविड-19 जैसी कठिन परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखकर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी कारोबारी माहौल मिले तथा अनावश्यक प्रक्रियाओं और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। व्यापारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए संवाद व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की 8 बड़ी घोषणाएं
1. आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत: प्राकृतिक आपदा या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
2. उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन: व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और बेहतर संवाद के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। इनकी नियमित बैठकें भी आयोजित होंगी।
3. दुर्घटना बीमा की जानकारी का प्रचार: जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर दावा प्रक्रिया पूरी कर सकें।
4. पर्यटन कारोबार की प्रक्रिया होगी आसान: पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।
5. होमस्टे का होगा विस्तार: पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे।
6. चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग: चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी।
7. बाजारों में सड़क और नालियों के काम को प्राथमिकता: राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों तथा नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
8. पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं का लाभ: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाएं होंगी सरल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड में भी कारोबार और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी की गई है।
200 करोड़ के वेंचर फंड से स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति लागू की गई है। इसके साथ ही 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। सरकार का लक्ष्य औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित रखने के बजाय पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
इसके लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
स्थानीय व्यापार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की अहम भूमिका है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के व्यापारी स्थानीय बाजारों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान स्थापित करें।
उन्होंने व्यापारियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके सहयोग से विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त उत्तराखंड का संकल्प साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया और व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।










