OTP के बिना भी खाली हो सकता है बैंक खाता! मोबाइल में तुरंत ऑन करें ये खास सेटिंग, साइबर सेल ने किया अलर्ट

पिथौरागढ़ न्यूज- साइबर ठग अब लोगों के बैंक खाते खाली करने के लिए ओटीपी तक की जरूरत नहीं पड़ने दे रहे हैं। मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक और अनजान स्रोतों से डाउनलोड की जाने वाली खतरनाक एपीके फाइलों के जरिए भी साइबर अपराधी लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे बढ़ते मामलों को देखते हुए पिथौरागढ़ साइबर सेल ने लोगों को स्मार्टफोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क किया है। साथ ही मोबाइल में एडवांस प्रोटेक्शन सेटिंग सक्रिय करने की सलाह दी है।
ओटीपी नहीं दिया, फिर भी कैसे हो रही साइबर ठगी?
साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी के मुताबिक, कई बार साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को यह समझ नहीं आता कि उन्होंने किसी को ओटीपी साझा नहीं किया, फिर भी उनके बैंक खाते से रकम कैसे निकल गई।
दरअसल, अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध वेबसाइट से एपीके फाइल डाउनलोड करने पर मोबाइल में हानिकारक एप्लीकेशन इंस्टॉल हो सकती हैं। इनके जरिए साइबर अपराधी मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लगाने और निजी जानकारियों तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में बिना ओटीपी साझा किए भी आर्थिक नुकसान का खतरा बना रहता है।
मोबाइल में तुरंत ऑन करें एडवांस प्रोटेक्शन
साइबर सेल ने स्मार्टफोन यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल की सेटिंग में जाकर ‘एडवांस प्रोटेक्शन’ विकल्प सर्च करें और उपलब्ध होने पर इसे सक्रिय करें। यह सुविधा संदिग्ध लिंक, असुरक्षित वेबसाइट और अनजाने में डाउनलोड होने वाली हानिकारक फाइलों से बचाव में मदद करती है।
व्हाट्सएप और SMS पर आने वाले लिंक से रहें सावधान
इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी ने बताया कि खासकर एसएमएस और व्हाट्सएप पर आने वाले अनजान लिंक को बिना जांचे नहीं खोलना चाहिए। किसी भी अनजान स्रोत से एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एडवांस प्रोटेक्शन सेटिंग सुरक्षा बढ़ाने में मददगार है, लेकिन यह हर तरह के साइबर हमले से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
इसलिए मोबाइल यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है। जानबूझकर संदिग्ध वेबसाइट पर जाकर फाइल या एप्लीकेशन डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है। थोड़ी सी लापरवाही बैंक खाते में जमा मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।










