उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड: 5 महिलाओं पर गुलदार का हमला, एक की मौत; लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने स्पीकर को घेरा, शूट आउट के आश्वासन पर माने

उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में जंगल में घास लेने गई पांच महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस दौरान गुलदार ने एक महिला को गले से जबड़ों में दबोच लिया और घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया। साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। भीड़ को आता देख गुलदार महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

 

 

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को भी आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया। उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से फोन पर बात कर गुलदार को शूट आउट करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

 

 

 

5 पॉइंट में जानिए पूरी घटना…

1. पांच महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थी महिला

घटना कोटद्वार के पास कोटड़ीढांग क्षेत्र के सनेह की है। यहां निवासी कविता कोठियाल (42) पत्नी कमल किशोर सोमवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच गांव की चार अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब 250 मीटर दूर गंगा वाटिका के पास जंगल में घास लेने गई थीं। पांचों महिलाएं घास काटने के बाद उसे बांध रही थीं। इसी दौरान पीछे से घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और कविता को निशाना बना लिया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर उत्तराखंड की झांकी ने बनाया इतिहास

 

 

2. गले से दबोचकर झाड़ियों में घसीटा, मौके पर मौत

गुलदार ने कविता के गले को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और उन्हें घसीटते हुए निर्माणाधीन हाथी दीवार के पास झाड़ियों में ले गया। यह देखकर साथ मौजूद महिलाओं ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। लोगों की भीड़ को अपनी ओर आता देख गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला। हालांकि, तब तक कविता की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें 👉  प्रदेश के कॉलेज में प्रवेश के लिए अब 30 तक होंगे पंजीकरण।

 

 

3. ग्रामीणों ने सड़क पर दिया धरना, स्पीकर ऋतु खंडूड़ी को घेरा

महिला की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत के साथ आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया और साफ कहा कि जब तक गुलदार को मारने के आदेश जारी नहीं होते, तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। इसी बीच मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को भी आक्रोशित भीड़ ने घेर लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों पर नाराजगी जताई।

 

 

4. वन विभाग के अधिकारियों को फोन, शूट आउट के आश्वासन पर माने ग्रामीण

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने मौके से ही वन विभाग के उच्चाधिकारियों को फोन किया। उन्होंने गुलदार को शूट आउट करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) लोकसभा चुनाव आते ही कांग्रेस को झटके पे झटका, अब इस मंत्री ने कांग्रेस पार्टी को दिया त्याग पत्र

 

 

5. इस महीने गुलदार के हमले की पांचवीं घटना, पहले भी घायल हुए लोग

कोटद्वार और सनेह क्षेत्र में इस महीने गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना बताई जा रही है। इससे पहले गुलदार एक बच्ची समेत तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई दिनों से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। पूर्व में बच्ची पर हमले के बाद वन विभाग ने नियमित गश्त करने और पिंजरा लगाने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद गुलदार के हमले में महिला की जान चली गई।

 

 

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए गुलदार को पकड़ने या आवश्यक कार्रवाई करने तथा जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।