यहां जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

रामनगर के मालधन चौड़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल के अंदर एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, शव रामनगर विकासखंड के तुमाड़िया डैम सेकंड क्षेत्र के जंगल में मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मालधन पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 22 वर्षीय वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जसपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के भोगपुर डाम का निवासी था। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र पिछले करीब तीन वर्षों से तुमाड़िया डैम सेकंड क्षेत्र में अपने जीजा के घर पर रह रहा था।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को वीरेंद्र का अपने जीजा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह दोपहर में घर से निकल गया और अपने साथ एक रस्सी भी ले गया था। तब से वह लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
मंगलवार सुबह जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शिनाख्त के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।








