दिसंबर तक हर हाल में पूरे हों नहर कवरिंग समेत विकास कार्य विधायक बिष्ट ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, बिंदुखत्ता विद्युतीकरण में तेजी के निर्देश

लालकुआं न्यूज़- लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे नहर कवरिंग समेत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक हुई। विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकांश कार्य दिसंबर तक और शेष कार्य जनवरी तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। विभागीय या तकनीकी अड़चन आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में गौला नदी किनारे भूकटाव रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों को पुनः शुरू कराने के निर्देश दिए गए। मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव की समस्या का समाधान करने तथा जमरानी नहर पर डाली गई पुलिया से लोगों को हो रही परेशानी दूर करने को भी कहा गया।
विधायक ने तीनपानी से मोतीनगर तक और बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर जाल से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर कवरिंग का कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नहर की ऊंचाई सड़क के लेवल के अनुरूप रखने को कहा, ताकि सड़क चौड़ीकरण का लाभ क्षेत्रवासियों को मिल सके।
गौलापार की समानांतर नहर के काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण शीघ्र कराने तथा गुमटी लालकुआं से तीनपानी तक नहर निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बिंदुखत्ता में चल रहे विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए विधायक ने विद्युत विभाग को कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास कार्यों की लगातार निगरानी करें।
बैठक में एसडीएम रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद भंडारी, वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता महेश कुमार खरे, यूपीसीएल के नीरज आर्य, एसडीओ सौरभ जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, विक्की पाठक, अभिषेक, धीरज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








