लालकुआँ- जन-जन के द्वार शिविर में डीएम सख्त: सिंचाई, बिजली और आवास पर त्वरित कार्यवाही

लालकुआं न्यूज़– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को नगर पंचायत लालकुआं परिसर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों और किसानों की समस्याएं प्राथमिकता से सुनी गईं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया।
🔹 आवास किराया नहीं बढ़ेगा
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनाए गए सरकारी आवासों में रह रहे परिवारों ने भवन किराया बढ़ाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को निर्देश दिए कि किसी भी परिवार का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा और पूर्व निर्धारित दरों पर ही वसूली की जाएगी।
साथ ही पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल संस्थान को दो दिन के भीतर प्रत्येक घर जाकर समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों की मरम्मत हेतु उप जिलाधिकारी और ईओ को उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के साथ समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए गए।
🔹 किसानों की सिंचाई समस्या पर सख्त निर्देश
विभिन्न गांवों से आए किसानों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों की मरम्मत, नई गूलों के निर्माण, अतिक्रमण हटाने और बंद नहरों की सफाई की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सिंचाई, लघु सिंचाई और नलकूप विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नई गूलों के प्रस्ताव जिला योजना में शामिल करने तथा अतिक्रमण हटाने की तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने दो टूक कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
🔹 लो वोल्टेज समस्या पर कार्रवाई
ग्रामीणों ने लो वोल्टेज के कारण सिंचाई पंपों में आ रही समस्या की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत को अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए गए। विद्युत और नलकूप विभाग को आपसी समन्वय से समस्या का स्थायी समाधान करने को कहा गया।
🔹 अवैध शराब, प्रदूषण और भू-कटाव पर सख्ती
अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग को नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए।
पेपर मिल द्वारा खुले में गंदा पानी छोड़ने की शिकायत पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से जांच कराने और मानकों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
गोला नदी में भू-कटाव तथा गंगापुर कबड़वाल में स्टोन क्रेशर से हो रही समस्याओं की जांच के निर्देश भी दिए गए।
🔹 स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में एक्स-रे मशीन के संचालन के लिए टेक्नीशियन की कमी पर जिलाधिकारी ने शासन को पद स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश एसीएमओ को दिए।
🔹 105 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान
शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को 15 दिन के भीतर हल करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
🔹 विभिन्न विभागों ने दिया लाभ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 125 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। आयुर्वेदिक विभाग ने 60 और होम्योपैथिक विभाग ने 55 लोगों को दवा वितरित की।
पंचायतीराज विभाग ने 12 परिवार रजिस्टर की नकल, 8 जन्म-मृत्यु पंजीकरण और 8 बीपीएल नकल जारी की।
पशुपालन, कृषि, उद्यान, उद्योग, मत्स्य, विद्युत, समाज कल्याण, सहकारिता, श्रम सहित विभिन्न विभागों ने दर्जनों लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। शिविर में 12 आधार कार्ड भी बनाए गए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, ज्येष्ठ उप प्रमुख कमल भंडारी, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।








