नैनीताल में कानून व्यवस्था को लेकर DM सख्त, गुंडा एक्ट के 165 मामलों का निस्तारण, 90 पर जिला बदर की कार्रवाई

नैनीताल न्यूज़- जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 15 सितंबर 2026 तक जिला मजिस्ट्रेट, नैनीताल के न्यायालय में गुंडा नियंत्रण अधिनियम से संबंधित कुल 162 वाद दर्ज रहे। इनमें से 98 मामलों का निस्तारण किया गया। कार्रवाई के दौरान 90 अराजक तत्वों को जिला बदर किए जाने की कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नैनीताल के न्यायालय में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कुल 130 वाद दर्ज हुए। इनमें से 44 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 86 वाद अभी अवशेष हैं।
वहीं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नैनीताल के न्यायालय में कुल 107 वाद दर्ज हुए। इनमें से 23 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि 84 वाद अवशेष हैं। प्रशासन की ओर से इन मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जिले में कानून का राज कायम रखने के लिए समय-समय पर अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








