उत्तराखंड- यहाँ शादी की तैयारियों के बीच मातम: स्कॉर्पियो हटाने को लेकर विवाद में बुजुर्ग की मौत, परिवार के पांच सदस्य घायल

काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)- महुआखेड़ागंज नगर पंचायत के मोहल्ला जामा मस्जिद में घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों द्वारा किए गए कथित जानलेवा हमले में 70 वर्षीय अफजल अहमद की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अफजल अहमद के घर आगामी 9 जून को उनकी दो भतीजियों का विवाह होना है। शादी की तैयारियों के चलते घर पर सामान पहुंच रहा था। इसी दौरान सामान उतारने के लिए उन्होंने पड़ोसी से घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो हटाने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे आरोपित पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में अफजल अहमद के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके अलावा कासम अली, अनीस अहमद, रिजवान, फुरकान और मसीतन भी घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अफजल अहमद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पैगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपित फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही महुआखेड़ागंज नगर पंचायत के चेयरमैन रिजवान अहमद अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मृतक अपने पीछे पत्नी खातून और चार पुत्र—असलम, अकरम, मुकर्रम एवं आकिल—को छोड़ गए हैं।
शादी की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।








