उत्तराखंड में अगस्त से बिजली होगी महंगी, यूपीसीएल ने जारी की नई एफपीपीसीए सरचार्ज दरें

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में अगस्त 2026 से बिजली उपभोक्ताओं को अधिक बिल का भुगतान करना होगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने अगस्त माह के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (एफपीपीसीए) सरचार्ज की नई दरें जारी कर दी हैं। इन दरों के लागू होने के बाद घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक, कृषि, सरकारी संस्थानों, रेलवे ट्रैक्शन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और अस्थायी कनेक्शन सहित सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के बिजली बिल में अतिरिक्त राशि जुड़ जाएगी।
यूपीसीएल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मीटरयुक्त घरेलू उपभोक्ताओं से अगस्त माह की बिजली खपत पर 14 पैसे प्रति यूनिट एफपीपीसीए सरचार्ज वसूला जाएगा। वहीं, लाइफलाइन श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए यह दर 5 पैसे प्रति यूनिट निर्धारित की गई है।
गैर-घरेलू (व्यावसायिक) उपभोक्ताओं को 20 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त भुगतान करना होगा। सरकारी सार्वजनिक उपयोगिता संस्थानों के लिए 19 पैसे प्रति केवीएएच, निजी ट्यूबवेल एवं पंपिंग सेट के लिए 6 पैसे प्रति यूनिट, जबकि कृषि से संबंधित गतिविधियों के लिए 9 से 10 पैसे प्रति यूनिट का सरचार्ज लागू किया गया है।
औद्योगिक उपभोक्ताओं में एलटी उद्योगों पर 18 पैसे प्रति यूनिट (या 17 पैसे प्रति केवीएएच) तथा एचटी उद्योगों पर 18 पैसे प्रति केवीएएच का अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। इसके अलावा मिक्स्ड लोड श्रेणी पर 18 पैसे प्रति केवीएएच, रेलवे ट्रैक्शन पर 17 पैसे प्रति केवीएएच, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों पर 17 पैसे प्रति यूनिट और अस्थायी निर्माण कार्यों के बिजली कनेक्शनों पर 21 पैसे प्रति केवीएएच का एफपीपीसीए सरचार्ज लागू रहेगा।
यूपीसीएल के इस निर्णय का असर अगस्त माह के बिजली बिलों में दिखाई देगा। हालांकि प्रति यूनिट सरचार्ज की राशि कम है, लेकिन अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के मासिक बिल में इसका स्पष्ट प्रभाव देखने को मिलेगा।








