देहरादून में कथित लव जिहाद का मामला: ‘अमन तोमर’ बन हिंदू युवतियों को फंसाता था फरमान, कई फर्जी आईडी का खुलासा

देहरादून के चकराता क्षेत्र में सामने आए एक कथित लव जिहाद मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सहारनपुर के देवबंद निवासी एक युवक ने हिंदू नाम और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। आरोपी पर एक महिला का मतांतरण कराने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है। मामले में गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फरमान, गांव धर्मपुर सरावगी, देवबंद (सहारनपुर) का रहने वाला है। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को पता चला कि आरोपी ने हिंदू युवक की पहचान दिखाने के लिए इंस्टाग्राम पर तीन अलग-अलग फर्जी अकाउंट बनाए थे।
‘आई एम अमन तोमर’ बनकर करता था बातचीत
चकराता कोतवाली पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को हिंदू युवक बताकर महिलाओं से संपर्क करता था। उसने ‘आई एम अमन तोमर’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी। इससे पहले वह ‘अमन शर्मा’ और ‘अमन तोमर’ नाम से भी अकाउंट चला चुका था, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अपनी पहचान बदलकर महिलाओं को भ्रमित करता था।
महिला को देवबंद ले जाने की थी तैयारी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संबंधित महिला को अपने साथ देवबंद ले जाने की योजना बना रहा था। इससे पहले ही महिला के पति को पूरे मामले की जानकारी मिल गई और उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की।
कई राज्यों की युवतियों से संपर्क में था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह केवल एक महिला ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की कई हिंदू लड़कियों से भी सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी युवतियों को इस तरह अपनी फर्जी पहचान के जरिए गुमराह कर चुका है।
विकासनगर कनेक्शन की भी जांच
पुलिस जांच में विकासनगर से जुड़े एक संदिग्ध संपर्क की जानकारी भी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को वहां से ऐसे वीडियो भेजे जाते थे, जिनमें हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने के लिए उकसाया जाता था। पुलिस इस संभावित नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भी गहराई से जांच कर रही है।
पूरे मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार की निगरानी में चल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल डेटा और संपर्कों की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
रुद्र सेना का दावा- ग्रामीणों के साथ पकड़कर पुलिस को सौंपा
रुद्र सेना के संस्थापक राकेश तोमर ने दावा किया कि आरोपी क्षेत्र में मिस्री का काम करता था और खुद को ‘अमन तोमर’ बताकर हिमाचल और उत्तराखंड की हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ मिलकर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा गया और बाद में कोतवाली चकराता में शिकायत दर्ज कराई गई।
हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








