उत्तराखण्डकुमाऊं,

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हथियारों के बल पर 8 लाख रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूटने का आरोप; पिस्टल-तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद

लालकुआं न्यूज़- गोरा पड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई लाखों रुपये की डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 31 हजार रुपये की नकदी और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, डकैती की साजिश जुए में हारी रकम की भरपाई करने के लिए रची गई थी।

 

 

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में अम्बा बिहार, तीनपानी निवासी नारायण दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि Kia शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में करीब 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती डाली।

 

 

तहरीर के अनुसार, बदमाश करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूटकर फरार हो गए थे। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में Cyber Attack के 15 दिन बाद भी नहीं उबर पाया उत्तराखंड, 102 में से 32 महत्वपूर्ण वेबसाइट अब भी बंद

 

 

50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं, थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।

 

 

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस के हाथ दो संदिग्ध लगे, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

 

 

जुए में हारी रकम पूरी करने के लिए रची साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे किच्छा निवासी यश सिडाना के संपर्क में आए थे। पुलिस के अनुसार, यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उसने आरोपियों को बताया कि गोरापड़ाव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(बड़ी खबर) यहाँ कुमाऊं कमिश्नर का दरबार भरा भूमि विवाद, धोखाधड़ी, जालसाजी, अतिक्रमण, पेंशन, की समस्याओं से

 

 

इसके बाद आरोपियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। योजना के तहत पहले घटनास्थल की रेकी की गई और फिर अन्य लोगों को भी साजिश में शामिल किया गया। पुलिस के मुताबिक, डकैती से मिलने वाली रकम से यश सिडाना की जुए में हारी रकम की भरपाई करने और बची रकम को आपस में बांटने की योजना थी।

 

 

आरोप है कि इसके बाद नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ कार्यालय में घुसे और लोगों को धमकाकर नकदी, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डिजिटल साक्ष्य से बचने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए।

 

 

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25 वर्ष) निवासी विथा अकबर, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर और रखवीर सिंह (28 वर्ष) निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली को गिरफ्तार किया है।

 

 

पुलिस ने वंशप्रीत सिंह के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ शराब के नशे में सरेआम हुड़दंग मचा रहे हरियाणा के 6 युवकों पर हल्द्वानी पुलिस की कार्यवाही

 

 

पुलिस के मुताबिक, अपराध को संगठित तरीके से अंजाम दिए जाने के आधार पर बीएनएस के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे आरोपी वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

 

 

डकैती के मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

 

 

पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।