हल्द्वानी: महिला से दोस्ती करना स्टोन क्रशर कारोबारी को पड़ा भारी, ब्लैकमेल कर हड़पे 7 करोड़ रुपये की जायदाद

हल्द्वानी न्यूज– नैनीताल जिले के हल्द्वानी में ब्लैकमेलिंग के जरिए एक कारोबारी से करीब सात करोड़ रुपये की संपत्ति और नकदी हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने पहले कारोबारी से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पहले 45 लाख रुपये वसूले गए। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर चार फ्लैट अपने और परिचितों के नाम करा लिए और करीब पांच करोड़ रुपये नकद भी हड़प लिए। कारोबारी की शिकायत पर हल्द्वानी पुलिस ने महिला समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लालकुआं के बीचपुर निवासी 62 वर्षीय कारोबारी सुभाष चंद ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी है। इसमें ज्योति सिंह पत्नी राजेश कुमार सिंह निवासी गौजाजाली उत्तर, मोहम्मद मुस्तकीम निवासी टनकपुर रोड, कुन्दन कुमार, पंकज और सोनम उर्फ दिनेश वाले समेत दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पान के ठेले के पास हुई थी महिला से पहचान
कारोबारी के मुताबिक वर्ष 2015 में स्टोर के पास पान का ठेला लगाने वाले एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान ज्योति सिंह से हुई थी। महिला ने मुकदमे के खर्च और आर्थिक मदद की जरूरत बताकर उससे संपर्क बढ़ाया। आरोप है कि बाद में पूजा के बहाने घर बुलाकर उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और बेहोशी की हालत में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हीं के आधार पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।
तहरीर के अनुसार, वर्ष 2016 में वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला ने 45 लाख रुपये वसूले। इसके बाद संपर्क नहीं रखने का भरोसा दिया, लेकिन वर्ष 2022 में वह दोबारा कारोबारी के संपर्क में आई और अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर वसूली शुरू कर दी।
दो करोड़ के चार फ्लैट कराए अपने और परिचितों के नाम
कारोबारी ने आरोप लगाया कि महिला और उसके साथियों ने करीब दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार फ्लैट की रजिस्ट्री अपने और परिचितों के नाम करा ली। इनमें एक फ्लैट ज्योति सिंह, दो उसकी बेटी संस्कृति उर्फ अंजलि और एक मोहम्मद मुस्तकीम के नाम कराया गया।
आरोप है कि रजिस्ट्री में भुगतान दिखाने के लिए पहले कारोबारी के खाते से आरोपियों के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। इसके बाद वही रकम नकद वापस ले ली जाती थी। इस तरीके से करीब पांच करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूलने का आरोप लगाया गया है।
30 प्रतिशत प्रतिदिन ब्याज जोड़कर भी वसूली का आरोप
तहरीर में कारोबारी ने बताया कि महिला कभी मकान खरीदने तो कभी निजी जरूरत बताकर उससे रकम मांगती थी। एटीएम और क्यूआर कोड के माध्यम से भी भुगतान कराया गया। आरोप है कि एक मकान के नाम पर 30 लाख रुपये मांगने के बाद प्रतिदिन 30 प्रतिशत ब्याज जोड़ने की बात कही गई। वहीं, हीरानगर में मकान खरीदने का हवाला देकर करीब 60 लाख रुपये वसूले गए। छोटी-छोटी रकम पर भी इसी तरह ब्याज जोड़ने का आरोप है।
चार लाख रुपये नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी
कारोबारी के अनुसार, लगातार वसूली के चलते उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई और उसे अपना घर, स्टोर और फ्लैट तक बेचना पड़ा। इसके बावजूद आरोपियों की मांग बंद नहीं हुई। तहरीर के मुताबिक, पांच नवंबर को ज्योति सिंह काठगोदाम में उसके छोटे भाई के घर के पास पहुंची और चार लाख रुपये की मांग की।
कारोबारी ने तबीयत खराब होने और आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए 12 नवंबर तक का समय मांगा, लेकिन इसके बाद भी फोन कर रकम देने का दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक करने, घर पहुंचने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में कारोबारी की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपों की जांच के साथ ही बैंक खातों में हुए लेनदेन और संपत्ति की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लेनदेन के माध्यम को भी जांच में शामिल किया गया है।










