लालकुआं- आंचल दूध हुआ महंगा, 20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें; पनीर-क्रीम के दाम भी बढ़े

लालकुआं न्यूज- महंगाई की मार अब दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी पड़ने जा रही है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं ने आंचल ब्रांड के दूध और कई दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कीमतें बढ़ने से अब उपभोक्ताओं को दूध, पनीर और क्रीम खरीदने के लिए पहले से अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी।
संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आंचल गोल्ड फुल क्रीम और शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत क्रमशः 450 रुपये और 372 रुपये निर्धारित की गई है।
वहीं, 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 76 रुपये, गाय के दूध की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर और एक लीटर शक्ति स्टैंडर्ड दूध की कीमत 63 रुपये तय की गई है।
पनीर और क्रीम के दाम भी बढ़े
दूध के अलावा डबल टोंड दूध, आंचल चाय स्पेशल, पनीर और क्रीम की कीमतों में भी संशोधन किया गया है। नई दरों के अनुसार, 180 ग्राम पनीर का पैकेट अब 85 रुपये में मिलेगा, जबकि एक किलो क्रीम की कीमत 580 रुपये निर्धारित की गई है।
आंचल चाय स्पेशल के एक लीटर पैक की कीमत 62 रुपये, 320 मिलीलीटर पैक की 20 रुपये और 150 मिलीलीटर पैक की कीमत 10 रुपये तय की गई है।
अन्य उत्पादों के दाम फिलहाल स्थिर
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने स्पष्ट किया है कि सूची में शामिल उत्पादों के अलावा अन्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। नई दरें 20 नवंबर से प्रभावी होने के बाद उपभोक्ताओं को आंचल के बढ़े हुए दामों पर उत्पाद खरीदने होंगे।










