नैनीताल में चलती बाइक पर बाघ का हमला, महिला को जबड़े में दबाकर जंगल में घसीटने लगा, पति ने ऐसे बचाई जान

नैनीताल न्यूज- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बाघ के हमले की एक खौफनाक घटना सामने आई है। रामनगर में बुधवार सुबह जंगल से निकले बाघ ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ ने महिला का हाथ अपने जबड़े में दबाया और उसे घसीटकर जंगल की ओर ले जाने लगा। पत्नी को बाघ के जबड़े में फंसा देख पति ने अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ के पीछे दौड़ लगा दी। पति के शोर मचाने और राहगीरों के जुटने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में लाल पहाड़ी के पास की है। घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
5 पॉइंट में समझिए पूरी घटना…
1. सुबह बाइक से चारा लेने निकला था दंपती
रामनगर के टेड़ा गांव निवासी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपनी पत्नी बबली देवी (50) के साथ बाइक से मवेशियों के लिए घास लेने जंगल की ओर जा रहे थे। दोनों को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनका सामना बाघ से हो जाएगा।
2. लाल पहाड़ी के पास चलती बाइक पर झपटा बाघ
दंपती कोसी रेंज के लाल पहाड़ी के पास ग्रासलैंड इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक निकले बाघ ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
3. महिला का हाथ जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटा
दंपती के सड़क पर गिरते ही बाघ ने बबली देवी पर हमला कर दिया। बाघ ने उनका हाथ अपने जबड़े में दबा लिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। यह मंजर देखकर पति के होश उड़ गए।
4. पत्नी को बचाने के लिए बाघ के पीछे दौड़ा पति
पत्नी को बाघ के जबड़े में फंसा देख दर्शन सिंह ने अपनी जान की परवाह नहीं की और बाघ के पीछे दौड़ पड़े। उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बाघ ने उनकी ओर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन पति को अपनी तरफ आता देख और राहगीरों की भीड़ व शोर सुनकर महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।
5. पर्यटकों की जिप्सी से अस्पताल पहुंचाई गई महिला
बाघ के हमले में बबली देवी के हाथ पर दांतों के गहरे निशान आए हैं। दंपती की आवाज सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी से रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पति ने सुनाई खौफनाक घटना की आपबीती
दर्शन सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से चारा लेने जा रहे थे। रास्ते में सब कुछ सामान्य था। अचानक जंगल से बाघ निकला और चलती बाइक पर हमला कर दिया। दोनों सड़क पर गिर गए। उन्होंने पत्नी से भागने को कहा, लेकिन इससे पहले ही बाघ ने उनका हाथ अपने जबड़े में दबा लिया और जंगल की ओर घसीटने लगा।
दर्शन सिंह के मुताबिक, पत्नी को बचाने के लिए वह अपनी परवाह किए बिना बाघ के पीछे दौड़ पड़े और जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया। भीड़ और शोर देखकर बाघ उनकी पत्नी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, बाघ की गतिविधियों पर नजर
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में लगातार निगरानी की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर चलती बाइक पर बाघ के हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को हर समय जान का खतरा बना हुआ है।











