लालकुआं- बिंदुखत्ता में बेखौफ चोरों का धावा, 35 लाख के जेवर उड़ाकर पुलिस को दी खुली चुनौती

लालकुआं न्यूज- बिंदुखत्ता के सुभाष नगर स्थित दवाई फार्म में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर धावा बोलकर 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने वारदात के दौरान परिवार के सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद इत्मीनान से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण समेट लिए। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त गोधन सिंह बिष्ट के घर चोरी की यह वारदात बीती रात करीब 12 से 2 बजे के बीच हुई। घर में उनकी पत्नी और तीन बहुओं के सोने-चांदी के आभूषण एक ही कमरे में रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि देर रात घर में घुसे चोरों ने सबसे पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद धारदार औजार से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखे बॉक्स खंगालकर सभी आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़ित गोधन सिंह बिष्ट के मुताबिक, रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर बताया कि कमरों के दरवाजे बाहर से बंद हैं। इसके बाद वह ऊपर पहुंचे और कमरों की कुंडियां खोलीं। इसी दौरान घर में चोरी होने का शक हुआ। जांच करने पर जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला और बॉक्स में रखे सभी आभूषण गायब थे।
चोर घर से करीब 25 तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली समेत अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा करीब चार तोला चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोरी हुई है। वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष बिष्ट के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
एक सप्ताह पहले भी घर में सेंध लगाने का प्रयास
सुभाष नगर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पूर्व धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। वहीं, पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर भी लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।
वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।










