उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,मनोरंजन

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर बनेगी वेब सीरीज, तब्बू निभाएंगी मुख्य भूमिका; नेटफ्लिक्स पर आएगी ‘टनल मेन’

देहरादून न्यूज– उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की कहानी अब बड़े पर्दे के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई देगी। 17 दिनों तक सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक बचाव अभियान पर वेब सीरीज बनने जा रही है। यशराज फिल्म्स (YRF) एंटरटेनमेंट ने नेटफ्लिक्स के लिए ‘टनल मेन’ नाम से सीरीज बनाने की घोषणा की है। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

 

 

यह सीरीज वास्तविक घटना से प्रेरित एक काल्पनिक ड्रामा होगी। इसमें सिलक्यारा सुरंग हादसे के बाद चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन, बचाव दलों के संघर्ष और उन विशेषज्ञों की भूमिका को दिखाया जाएगा, जिन्होंने 41 मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए दिन-रात मेहनत की थी।

 

 

तब्बू पहली बार हिंदी ओरिजिनल वेब सीरीज में आएंगी नजर

‘टनल मेन’ अभिनेत्री तब्बू के करियर के लिहाज से भी खास प्रोजेक्ट है। वह पहली बार किसी हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग सीरीज में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं। तब्बू इससे पहले ‘माचिस’, ‘चांदनी बार’, ‘मकबूल’, ‘हैदर’ और ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- कांग्रेस महानगर की बैठक में हुआ जबरदस्त हंगामा, हाथापाई की आई नौबत, पैसे लेकर टिकट देने का आरोप

 

 

इस सीरीज से शिव रवैल भी जुड़े हैं, जो चर्चित वेब सीरीज ‘द रेलवे मेन’ का निर्देशन कर चुके हैं। वह ‘टनल मेन’ के शोरनर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, YRF एंटरटेनमेंट के हेड ऑफ कंटेंट सौगता मुखर्जी भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। वह ‘स्कैम 1992’, ‘महारानी’, ‘तब्बर’ और ‘रॉकेट बॉयज’ जैसी चर्चित सीरीज से जुड़े रहे हैं।

 

 

17 दिन तक सुरंग में फंसे रहे थे 41 मजदूर

गौरतलब है कि उत्तरकाशी में चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग का निर्माण कार्य चल रहा था। 12 नवंबर 2023 की सुबह सुरंग का एक हिस्सा अचानक ढह गया था, जिसके चलते अंदर काम कर रहे 41 मजदूर फंस गए थे। हादसे के बाद मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(भर्ती -भर्ती) UKSSSC में समूह ‘ग’ के 59 पदों पर एक और आई भर्ती, इस तारीख से करे आवेदन, पढ़े खबर

 

 

बचाव अभियान के दौरान सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों तक ऑक्सीजन, भोजन और दवाइयां पहुंचाने के विशेष इंतजाम किए गए। कैमरे के जरिए मजदूरों की पहली तस्वीर सामने आने के बाद उनके परिवारों के साथ पूरे देश ने राहत की सांस ली थी।

 

 

रेस्क्यू टीमों ने भारी ऑगर मशीनों से मलबा हटाकर मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने की कोशिश की, लेकिन सरिया और अन्य बाधाओं के चलते अभियान में कई बार रुकावट आई। मशीनों में तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं। इसके बाद अंतिम चरण में रैट-होल माइनर्स को बुलाया गया। इन विशेषज्ञों ने हाथों से मलबा हटाकर संकरी जगह में रास्ता बनाया और आखिरकार 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- हल्द्वानी मेयर के निर्वाचन को कोर्ट में चुनौती, न्यायालय की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर समेत प्रत्याशियों को नोटिस जारी

 

 

आमिर खान भी बना रहे सिलक्यारा रेस्क्यू पर फिल्म

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित यह पहला मनोरंजन प्रोजेक्ट नहीं है। आमिर खान प्रोडक्शंस भी ‘सिलक्यारा 41’ नाम से फिल्म बनाने की घोषणा कर चुका है। इसका निर्देशन कबीर खान करेंगे। फिल्म में 17 दिनों तक सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए चले चुनौतीपूर्ण अभियान को पर्दे पर उतारा जाएगा। इसमें ऑस्ट्रेलियाई सुरंग विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की भूमिका भी अहम होगी।

 

 

ऐसे में उत्तराखंड के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन की कहानी अब दो बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों तक पहुंचने वाली है। एक तरफ तब्बू की वेब सीरीज ‘टनल मेन’ को लेकर चर्चा है, तो दूसरी तरफ आमिर खान की फिल्म ‘सिलक्यारा 41’ का भी इंतजार किया जा रहा है।