सरकार का आदेश जारी, ज़मीनी हकीकत अलग—होटलों- रेस्तरां तक नहीं पहुंची गैस

हल्द्वानी न्यूज़– प्रदेश सरकार द्वारा व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए एसओपी जारी किए जाने के बावजूद मंगलवार को होटल, रिजॉर्ट और ढाबा संचालकों को राहत नहीं मिल सकी। फिलहाल जिले में उपलब्ध सिलिंडरों को अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर वितरित किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि शासन स्तर से एसओपी जारी हो चुकी है, लेकिन अब गैस वितरक कंपनियों द्वारा अपनी-अपनी कार्यप्रणाली के अनुसार विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार किए जाएंगे। इसके बाद ही होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीमित मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि इंडेन, भारतगैस और एचपी गैस की एजेंसियां अपनी जरूरत के अनुसार उच्च अधिकारियों को मांग भेजेंगी। यह मांग कंपनी मुख्यालय तक पहुंचेगी, जहां से स्वीकृति के बाद संबंधित प्लांट को आपूर्ति के निर्देश दिए जाएंगे। प्लांट से उपलब्धता के आधार पर सिलिंडर जारी किए जाएंगे और उसी के अनुसार एजेंसियों को वितरण के निर्देश मिलेंगे।
वर्तमान में जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास करीब 500 व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिन्हें अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता से दिया जा रहा है।
चौधरी गैस एजेंसी की सह-प्रबंधक रमणी चौधरी के अनुसार, मंगलवार को साईं अस्पताल, कृष्णा अस्पताल और बृजलाल अस्पताल को व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि होटल और रेस्तरां को आपूर्ति को लेकर अभी तक नई व्यवस्था संबंधी स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं।
वहीं, सरस मार्केट स्थित इंडेन एजेंसी के प्रबंधक भरत सिंह खाती ने बताया कि फिलहाल उपलब्ध सिलिंडर केवल अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों के लिए ही पर्याप्त हैं। नए निर्देश और अतिरिक्त आपूर्ति मिलने के बाद ही होटल, रेस्तरां, ढाबा और रिजॉर्ट संचालकों को सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की सीमित उपलब्धता के कारण पर्यटन और खानपान व्यवसाय से जुड़े लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।








