हल्द्वानी: व्लॉगर ज्योति अधिकारी समेत 11 पर मुकदमा, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

हल्द्वानी में सोशल मीडिया व्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। काठगोदाम कोतवाली पुलिस ने ज्योति अधिकारी, उनके पति गोपाल अधिकारी और अन्य साथियों समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने की साजिश, मारपीट और तोड़फोड़ सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जल्द बयान दर्ज कराने के लिए कोतवाली बुलाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार जोशी कॉलोनी, छोटी मुखानी निवासी व्लॉगर सुनीता भट्ट ने गुरुवार को काठगोदाम कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि नैनीताल रोड स्थित चौपाटी बाजार के पास वुडपेकर क्षेत्र में उनकी एक छोटी दुकान है। बुधवार शाम ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और अन्य लोगों के साथ उनकी दुकान के पास पहुंची।
सुनीता भट्ट का आरोप है कि वहां पहुंचते ही सभी लोगों ने उनके साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी सात साल की बेटी को भी उठाने की धमकी दी गई, जिससे वह काफी डर गईं।
मामले में काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि ज्योति अधिकारी, गोपाल अधिकारी, कमल जोशी समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 324(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द सभी आरोपियों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
गौरतलब है कि ज्योति अधिकारी पर पिछले तीन महीनों में यह आठवां मुकदमा दर्ज हुआ है। इससे पहले कुमाऊं क्षेत्र के अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ पहाड़ की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में भी मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों में वह पहले सात दिन तक हल्द्वानी जेल में भी रह चुकी हैं।
वहीं, हाल ही में सुनीता भट्ट से विवाद के बाद जब गुरुवार को ज्योति अधिकारी को काठगोदाम कोतवाली से छोड़ा गया, तो उनका स्टाइल में बाहर निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।








