लालकुआं में शराबी युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा, ठेले वाले का सामान सड़क पर फेंका, पुलिस ने हिरासत में लिया

लालकुआं न्यूज़- शहर के व्यस्त कोतवाली चौराहे पर देर रात एक शराबी युवक के हाई वोल्टेज ड्रामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नशे में धुत युवक ने शराब की दुकान के सामने लगे एक ठेले वाले का सामान सड़क पर फेंक दिया और राहगीरों व वाहन चालकों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौच करने लगा। घटना के चलते कुछ देर के लिए चौराहे पर जाम जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक युवक शराब की दुकान पर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका दुकान के कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक ने अपना आपा खो दिया और शराब की दुकान के पास खड़े एक ठेले वाले का सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया।
युवक की हरकतों से आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। उसने वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों के साथ भी गाली-गलौच की, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भी युवक शांत नहीं हुआ और पुलिसकर्मियों से उलझने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में लिया और हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और हुड़दंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








