देहरादून- शिक्षकों के लिए राहत की उम्मीद, पदोन्नति पर 7 जनवरी को बड़ा फैसला

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित निर्णय अब जल्द आने की संभावना है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि पदोन्नति मामले की उत्तराखंड हाईकोर्ट में 7 जनवरी को अंतिम सुनवाई निर्धारित है। कोर्ट के निर्णय के बाद विभाग द्वारा पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शनिवार को सहस्रधारा रोड स्थित डायट सभागार में आयोजित राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक में डॉ. सती ने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करते हुए कार्यकारिणी चुनाव में सभी शिक्षकों को मताधिकार देने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इसके अलावा चयन-प्रोन्नति पर वेतन वृद्धि, कनिष्ठ-वरिष्ठ वेतन विसंगति दूर करने, तदर्थ शिक्षकों को पूर्व सेवा के आधार पर चयन-प्रोन्नति देने, अटल विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान अधिकार, मातृत्व अवकाश, 5400 ग्रेड पे पर राजपत्रित दर्जा, इंटर कॉलेजों में उप प्रधानाचार्य पद सृजन जैसी मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने की तथा संचालन प्रांतीय मंत्री रमेश पैन्यूली ने किया। बैठक में संघ के पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश के 13 जनपदों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








