रुड़की-मंगलौर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, 12 फीट हवा में उछला कांवड़िया; मौके पर मौत, दूसरा गंभीर

रुड़की-मंगलौर बाईपास हाईवे पर ढंढेरी ख्वाजागीपुर गांव के पास रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कांवड़िया करीब 12 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा कोर कॉलेज से मंगलौर की ओर जाने वाले हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कांवड़ मेले के अंतिम दौर के चलते इस मार्ग पर डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ है। इसी दौरान एक बुलेट और पल्सर मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
12 फीट हवा में उछला कांवड़िया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार कांवड़िया करीब 12 फीट हवा में उछल गया। वह सड़क पर सिर के बल जा गिरा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
दूसरा कांवड़िया गंभीर घायल
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार कांवड़िया भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अभी नहीं हो सकी मृतक की पहचान
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल दोनों कांवड़ियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में जुटी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की है।
कांवड़ मेले के अंतिम दौर में बढ़ी भीड़
कांवड़ मेले के अंतिम चरण में रुड़की-मंगलौर बाईपास समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में इस हादसे ने यात्रा मार्गों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की ओर से भी कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है।








