ऑपरेशन क्रैकडाउन का असर: बनभूलपुरा में 2 तमंचे व 17 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी/नैनीताल– वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक व्यक्ति को उसके घर से दो तमंचों और 17 अवैध कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
जनपद को अपराध मुक्त बनाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित सैनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
सूचना पर पहुंची पुलिस, घर से मिला अवैध असलाह
संदिग्ध वाहन एवं वस्तु चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है और परिजनों से झगड़ा कर उन्हें धमका रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान, निवासी निकट आयशा मस्जिद, गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल (उम्र लगभग 60 वर्ष) घर पर मौजूद मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह उन्हें धमकाता है और उसके पास तमंचा है।
तलाशी में बरामद हुआ ये सामान
पुलिस ने अभियुक्त और उसके परिजनों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, जिसमें निम्न असलाह और कारतूस बरामद किए गए—
01 तमंचा 315 बोर
02 कारतूस 315 बोर
01 तमंचा 12 बोर
04 कारतूस 12 बोर
01 कारतूस 7.62 बोर
10 कारतूस 7.65 बोर (सफेद डिब्बे में)
कुल मिलाकर 2 तमंचे और 17 अवैध कारतूस बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
अभियुक्त के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट एवं 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास
जांच में सामने आया कि मोबिन खान के खिलाफ थाना मुखानी में वर्ष 2017 में धारा 354/363/506 भादवि एवं 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उक्त मामले में उसे माननीय न्यायालय से 7 वर्ष की सजा सुनाई गई थी, जो वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर विचाराधीन है।
अभियुक्त ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त हो चुका है। बरामद असलाह के स्रोत के संबंध में पुलिस द्वारा जांच जारी है।
जनमानस से पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
📞 आपात स्थिति में डायल करें: 112
📱 सूचना हेतु संपर्क: 9411112979
🏢 अथवा अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को अवगत कराएं।
आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता – नैनीताल पुलिस








