संयुक्त पहल से बढ़ेगा हरित आवरण और रोजगार: सीईओ अजय गुप्ता

लालकुआँ न्यूज़– पर्यावरण संरक्षण, कच्चे माल की उपलब्धता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंचुरी पल्प एंड पेपर और गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के बीच 31 मार्च 2026 को 200 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण के लिए दीर्घकालिक समझौता हुआ।
समझौते पर सेंचुरी मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता और विश्वविद्यालय के उप नियंत्रक फार्म सत्य प्रकाश कुरील ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. टी.पी. सिंह, महाप्रबंधक डॉ. आशुतोष सिंह तथा सेंचुरी मिल के मुख्य वित्त अधिकारी महेन्द्र कुमार हरित, उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा, अमित गंगवाल और रवि प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह पहल कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ हरित आवरण बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में सहायक होगी। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया।
उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने बताया कि वर्ष 2025–26 में 2.22 करोड़ पौधरोपण किया गया है। यूकेलिप्टिस क्लोन उत्पादन के लिए मिस्ट चैम्बर स्थापित किया गया है। वर्ष 2026–27 के लिए 2.50 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। यह समझौता क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास और कृषि सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।








