उत्तराखण्डगढ़वाल,

कोटद्वार धमकी मामला: सोशल मीडिया पर इनाम की घोषणा करने वाले युवक का यू-टर्न, पुलिस के सामने मांगी माफी; ‘रीच बढ़ाने के लिए बनाया था वीडियो’

कोटद्वार न्यूज़– 26 जनवरी को दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए दीपक उर्फ “मोहम्मद दीपक” को जान से मारने की धमकी देने के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो पोस्ट करने वाले युवक ने अब सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी का माफी वाला वीडियो अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर साझा किया है।

 

 

इससे पहले रविवार को दीपक की शिकायत पर कोटद्वार कोतवाली में बिहार निवासी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। वायरल वीडियो में युवक ने कथित तौर पर कहा था कि “जो मोहम्मद दीपक को मारेगा, उसे दो लाख रुपये दिए जाएंगे।” इसके बाद दीपक ने इसे खुली जान से मारने की धमकी बताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा जताया था।

 

अब सामने आए नए वीडियो में आरोपी युवक ने स्वीकार किया है कि उसने जानबूझकर वीडियो बनाया था। उसने कहा कि दीपक से जुड़ा मामला सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था और उसके यूट्यूब चैनल की रीच कम हो गई थी, इसलिए उसने “मिर्च-मसाला” लगाकर वीडियो तैयार किया। युवक ने आगे कहा कि यदि उसकी बातों से दीपक को ठेस पहुंची है तो वह दिल से माफी मांगता है और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में एक लाख करोड़ निवेश की ग्राउंडिंग पूरी, रुद्रपुर में मनाया जाएगा 'निवेश उत्सव', अमित शाह रहेंगे मुख्य अतिथि

 

धमकी वाले 8 सेकेंड के वीडियो में क्या था
सोशल मीडिया पर वायरल धमकी वाले वीडियो में काली जैकेट पहने, बड़ी मूंछ और माथे पर तिलक लगाए एक युवक कैमरे की ओर देखते हुए दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा करता दिखाई दिया था। वह अपने हाथ में 500 रुपये के नोटों की गड्डी भी लहराता नजर आया। वीडियो में उसके साथ एक अन्य युवक भी बैठा दिखा, जिसके हाथ में माइक था। सामने टेबल पर ग्लोब और लैपटॉप रखा दिखाई दिया, जिससे रिकॉर्डिंग का माहौल लग रहा था।

 

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद – 6 मुख्य बिंदु
1. दुकान के नाम से शुरू हुआ विवाद:
26 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित “बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर” नाम की दुकान को लेकर विवाद हुआ। दुकान मालिक 70 वर्षीय वकील अहमद करीब 30 वर्षों से दुकान चला रहे हैं। आरोप है कि कुछ युवकों ने खुद को बजरंग दल से जुड़ा बताते हुए दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  UPSC CSE 2023 Final Result- पूर्व डीजीपी अशोक कुमार की बेटी कुहू गर्ग 174वीं रैंक हासिल कर बनी IPS

2. दीपक कुमार की एंट्री:
पास में जिम चलाने वाले दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और भीड़ से सवाल किया कि जब अन्य लोग ‘बाबा’ नाम का इस्तेमाल कर सकते हैं तो इस दुकान पर आपत्ति क्यों। उन्होंने दुकान का नाम बदलने की मांग को गलत बताया।

 

3. ‘मोहम्मद दीपक’ बयान से बढ़ी चर्चा:
वायरल वीडियो में दीपक ने खुद को “मोहम्मद दीपक” बताया। बाद में उन्होंने कहा कि यह बयान उन्होंने धर्म से ऊपर इंसानियत का संदेश देने के लिए दिया था।

 

4. धमकियों के बीच दीपक का वीडियो:
विवाद के बाद दीपक को सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने लगीं। जवाब में उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि वे इंसानियत को प्राथमिकता देते हैं और अपने विचारों से पीछे नहीं हटेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  राज्य स्थापना दिवस से पहले बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग - मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

 

5. बजरंग दल का प्रदर्शन:
शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता देहरादून से कोटद्वार पहुंचे और दुकान के नाम को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पटेल मार्ग पर करीब 20 मिनट तक जाम लगा रहा।

 

6. राजनीतिक एंट्री और मुकदमे:
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और माहौल बिगाड़ने के आरोप लगाए। पुलिस ने चार घंटे के भीतर तीन मुकदमे दर्ज किए — एक हिंदू संगठन से जुड़े लोगों पर, दूसरा दीपक और उनके साथियों पर तथा तीसरा 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ।

 

पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर धमकी और भड़काऊ सामग्री फैलाने को लेकर पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।