उत्तराखण्डकुमाऊं,

लालकुआँ- शादी की पहली सालगिरह से पहले नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप

लालकुआं न्यूज़- नगर के अंबेडकर नगर वार्ड -1 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाह के लगभग एक वर्ष बाद ही 20 वर्षीय महिला का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर निवासी मोहिन खान की 20 वर्षीय पत्नी अंजुम का शव रविवार सुबह घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता चलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस में प्राचार्य डॉ0 सीमा श्रीवास्तव ने कार्यभार ग्रहण किया

 

सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

 

बताया जा रहा है कि अंजुम का विवाह पिछले वर्ष मई माह में हुआ था। शादी को अभी एक वर्ष पूरा हुआ था कि उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका का मायका हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहां ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल, ट्रक चालक मौके से हुआ फरार

 

 

सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग लालकुआं पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई। इस दौरान मौके पर कुछ देर तनाव की स्थिति भी बनी रही।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- पंचायती राज विभाग को मिले 342 वीडीओ और आठ सहायक लेखाकार, सीएम धामी ने दिए नियुक्तिपत्र

 

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही थी।