उत्तराखण्डक्राइमगढ़वाल,

देहरादून में वकील सोहेल हत्याकांड का खुलासा: छोटे भाई ने पैसों के विवाद में मारी गोली, बाहरी हमलावरों की कहानी निकली झूठी

देहरादून के भुड्डी गांव में हुए चर्चित वकील सोहेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती जांच में जिस वारदात को बाहरी हमलावरों द्वारा अंजाम दिया गया बताया जा रहा था, वह कहानी पूरी तरह झूठी निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय वकील सोहेल की हत्या उसके ही छोटे भाई ने पैसों के विवाद में गोली मारकर की थी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों द्वारा हत्या किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी।

 

 

पैसों को लेकर हुआ विवाद, भाई ने उतार दिया मौत के घाट

पुलिस के अनुसार आरोपी छोटा भाई आपराधिक प्रवृत्ति का है और नशे का आदी बताया जा रहा है। वह लंबे समय से अपने बड़े भाई सोहेल से पैसों की मांग कर रहा था। रविवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सोहेल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए कहानी बनाई कि कुछ अज्ञात हमलावर घर आए और सोहेल को किसी बहाने से बाहर बुलाकर गोली मारकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसकी कहानी में कई विरोधाभास मिले, जिसके बाद सच्चाई सामने आ गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से अधेड़ की हुई मौत

 

 

माता-पिता हज यात्रा पर, घर में था सिर्फ आरोपी

घटना के समय सोहेल के माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए थे। परिवार का बड़ा बेटा भारतीय नौसेना में तैनात है। वारदात के वक्त घर में केवल सोहेल और उसका छोटा भाई मौजूद थे। इसी वजह से पुलिस को शुरुआत से ही मामले में संदेह था। पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद आरोपी की भूमिका उजागर हो गई।

 

 

हत्या के बाद भड़का आक्रोश, हाईवे पर लगाया जाम

सोहेल की हत्या की खबर फैलते ही भुड्डी गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जाम लगा दिया। उस समय लोगों को विश्वास था कि हत्या बाहरी बदमाशों ने की है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड -(बड़ी खबर) यह मकान मालिक की बेटी के साथ शादी का झांसा देकर युवक करता रहा दुष्कर्म, युवक पर हुआ मुकदमा दर्ज।

 

 

स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को शुरुआती दौर में घटनास्थल का निरीक्षण करने और शव को कब्जे में लेने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

 

 

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर अंकित कंडारी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच की निगरानी की। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खुल सका।

 

 

फॉरेंसिक जांच और पूछताछ से खुला राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और कई टीमों को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान आरोपी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों में मेल नहीं मिला।

 

 

लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के छोटे भाई ने ही की थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- सीएम धामी के निर्देश पर डीएम वंदना सिंह ने हल्द्वानी में बड़े भवन कर की बढ़ोतरी वापस ली, 25 हजार लोगों को मिली राहत

 

 

हाईवे जाम करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हाईवे जाम और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता किए जाने की भी जानकारी मिली है।

 

 

पुलिस का कहना है कि हत्या और उपद्रव, दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

दूसरी बड़ी हत्या से भी दहला देहरादून

गौरतलब है कि देहरादून में 24 घंटे के भीतर यह दूसरा चर्चित हत्याकांड है। इससे पहले विकासनगर के बैरागीवाला गांव में पानी के विवाद को लेकर भाजपा नेता विनोद कुमार कश्यप की हत्या कर दी गई थी। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।