LPG की E-KYC नहीं कराई तो महंगा पड़ेगा सिलिंडर! जल्द लागू होगी दोहरी दर की व्यवस्था

नैनीताल न्यूज़- कुमाऊं मंडल विकास निगम की पर्वत गैस एजेंसी के करीब 2100 उपभोक्ताओं ने बार-बार आग्रह के बावजूद अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे में इंडेन की ओर से ई-केवाईसी कराने वाले और नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग दरें लागू करने की तैयारी की जा रही है। नई व्यवस्था अगले सात से 10 दिन के भीतर प्रभावी हो सकती है।
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर रिफिल के लिए निर्धारित कीमत से अधिक राशि चुकानी पड़ सकती है। इंडेन की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित है, उन्हें निर्धारित दर से अधिक अथवा बाजार दर पर एलपीजी रिफिल बुक कराने के लिए अपनी सहमति देनी होगी।
इसके लिए उपभोक्ताओं को इंडेन ऑयल के मोबाइल एप, सीएसक्यू पोर्टल या वाट्सएप के माध्यम से सहमति देनी होगी। सहमति देने के बाद संबंधित उपभोक्ता को लागू अधिक कीमत पर गैस रिफिल की सप्लाई जारी रखी जाएगी।
वहीं, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, उन्हें मौजूदा निर्धारित कीमत पर ही सिलिंडर रिफिल उपलब्ध कराया जाएगा। पर्वत गैस एजेंसी की प्रबंधक अंकिता पांडे ने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है।
पर्वत गैस एजेंसी के अधीन करीब 16 हजार एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें से लगभग 2100 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है। एजेंसी की ओर से लगातार ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क कर ई-केवाईसी कराने का आग्रह किया जा रहा है।
इंडेन ने सभी गैस एजेंसियों को नियमित रूप से रिफिल लेने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष ध्यान देने और अधिक से अधिक ई-केवाईसी पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि ई-केवाईसी लंबित होने के कारण ई-केवाईसी करा चुके उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
ऐसे में पर्वत गैस एजेंसी के 2100 उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें गैस सिलिंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।








