उत्तराखंड: रुद्रपुर में SIR बैठक में छिड़ी ‘महाभारत’, कमिश्नर के सामने भिड़े भाजपा-कांग्रेस नेता, Video

रुद्रपुर न्यूज़- कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में सोमवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर आयोजित बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मतदाता सूची में कथित डबल वोट और अन्य आपत्तियों को लेकर शुरू हुआ विवाद बैठक के बाद इतना बढ़ गया कि भाजपा नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बैठक के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि SIR के तहत मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों को फोन कर और उनके घर जाकर धमकाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा समेत कई भाजपा पदाधिकारी कलेक्ट्रेट कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा और कांग्रेस समर्थक भी कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गए, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई।
भाजपा नेताओं का कहना है कि उनकी मांग निष्पक्ष और शुद्ध मतदाता सूची सुनिश्चित कराने की है। उनका आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान आपत्तिकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, आपत्तिकर्ताओं को धमकाने के लगाए गए आरोपों की फिलहाल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। कलेक्ट्रेट परिसर में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।








