हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक महिला की मौत, 16 घायल

हरिद्वार न्यूज- धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 16 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी श्रद्धालु राजस्थान से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे। मृतक महिला अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार पहुंची थी। हादसे के समय बस सप्तऋषि क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के दौरान एक डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।








