तीनपानी से लालकुआं आईटीबीपी इंडियन ऑयल डिपो तक प्रस्तावित 13 किमी सड़क का विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने किया स्थलीय निरीक्षण

लालकुआं न्यूज़– तीनपानी से गोरापड़ाव, मोटाहल्दू, हल्दूचौड़, गौलागेट होते हुए आईटीबीपी इंडियन ऑयल डिपो गुमटी लालकुआं तक प्रस्तावित 13 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई।
क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण से पूर्व चल रही प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधायक डॉ बिष्ट की उपस्थिति में मार्ग का चिह्नीकरण किया गया तथा मार्ग के मध्य आ रहे वृक्षों के छपान कार्य का शुभारंभ किया गया। यह कार्य हिरण बाबा मंदिर के समीप से प्रारंभ किया गया। निरीक्षण के दौरान वन विभाग के रेंजर चंदन सिंह अधिकारी अपनी सर्वेयर एवं डिमार्केशन टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता हेमंत शाह, अवर अभियंता रुचि जंगपांगी एवं उनकी टीम ने तकनीकी प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया।
इस अवसर पर विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और निर्माण से जुड़ी औपचारिकताओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से पूर्व 26 लाख रुपये की लागत से यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पहले ही पूर्ण कराया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि इस 13 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण से बिंदुखत्ता, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू सहित आसपास के ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क के निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ सुरक्षा प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों तक पहुंच भी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।








