उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में मानसून ने दी दस्तक, गंगा-अलकनंदा उफान पर; देहरादून-नैनीताल में तेज बारिश, राफ्टिंग बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी। मानसून के प्रवेश के साथ ही हरिद्वार को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि मंगलवार दिन के समय मानसून ने उत्तराखंड में प्रवेश किया, जिसके बाद अधिकांश क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदल गया।

 

 

राजधानी देहरादून में सुबह से तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रिस्पना नदी उफान पर बह रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं नैनीताल में भी सुबह से तेज बारिश हुई, जबकि रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से रुद्रप्रयाग संगम की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; मसूरी में लगातार पांचवें दिन झमाझम बारिश

 

 

मानसून और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ऋषिकेश में गंगा नदी में राफ्टिंग का संचालन मंगलवार शाम से बंद कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार जुलाई और अगस्त महीने तक राफ्टिंग पर प्रतिबंध रहेगा तथा सेवाएं 1 सितंबर से दोबारा शुरू की जाएंगी।

 

 

नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए पूरे उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  यहाँ पुलिस ने 24 घंटे में किया चोरी का खुलासा, चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

 

 

 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। विभाग ने आज से अगले दो दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  प्रदेश के सीएम धामी ने किया 'मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना' का शुभारंभ, धार्मिक पर्यटन को भी दिया जा रहा है बढ़ावा

 

 

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

  • 1 जुलाई: सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना।
  • 2 जुलाई: राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान।
  • 3 जुलाई: अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बौछारें और गर्जन की संभावना बनी रहेगी।

 

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।