रुद्रपुर जिला अस्पताल में चाकूबाजी, कारोबारी की हत्या; इलाज कराने पहुंचे युवक को हमलावरों ने घोंपा चाकू

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल परिसर में सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां दो पक्षों के बीच चल रहे कारोबारी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे 30 वर्षीय कारोबारी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास में मोबाइल की दुकान चलाने वाले दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से कारोबार को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी। शुक्रवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
मारपीट में घायल लोग मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी बीच कुछ देर बाद 10 से 15 लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस दौरान 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल में मची भगदड़, पुलिस अधिकारियों के सामने भिड़े दोनों पक्ष
जिला अस्पताल परिसर में हत्या की खबर फैलते ही मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए, जब पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। अस्पताल परिसर में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।









