उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल- पति ने डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या, 10 साल के बेटे को धमकाकर फरार

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने मामूली विवाद के बाद डंडे से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने 10 साल के बेटे को किसी से कुछ न बताने की धमकी देकर घर से फरार हो गया। मासूम दिनभर यही समझता रहा कि उसकी मां सो रही है। शाम तक मां के नहीं उठने पर उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।

 

 

जानकारी के मुताबिक, घटना 21 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार ओखलकांडा क्षेत्र में भीम सिंह (36) का अपनी पत्नी डिक्री देवी (28) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान भीम सिंह ने डिक्री देवी पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- इस जिले में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

 

 

बेटे को धमकाकर फरार हुआ आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने अपने 10 वर्षीय बेटे को धमकाया और किसी को कुछ भी बताने से मना किया। इसके बाद 22 अगस्त की तड़के वह घर से फरार हो गया। बच्चा पूरे दिन घर में ही रहा और उसे लगा कि उसकी मां सो रही है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) उत्तराखंड शासन ने राज्य में अगले 6 महीने तक हड़ताल पर लगाई रोक, हुआ आदेश जारी।

 

 

शाम तक जब मां नहीं उठी तो बच्चे ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो महिला की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

 

देर रात मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद शनिवार देर रात खनस्यूं थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से ई-साक्ष्य जुटाए।

 

 

पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून: तेज़ रफ्तार ट्रक कार शोरूम में घुसा, बड़ा हादसा टला

 

 

आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें गठित

सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि आरोपी भीम सिंह की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने आरोपी की फोटो जारी करने के साथ ही पंपलेट के माध्यम से भी उसके बारे में प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है।

 

 

पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।