नैनीताल सफर होगा जाम मुक्त, लेकिन कटेंगे 17,400 पेड़ — 709 करोड़ के काठगोदाम-नैनीताल चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पर पर्यावरणीय सवाल

हल्द्वानी न्यूज़– देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भविष्य में नैनीताल की यात्रा के दौरान जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए काठगोदाम से नैनीताल तक सड़क चौड़ीकरण की योजना पर काम शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। हालांकि, इसके लिए करीब 17,400 पेड़ों की बलि देनी पड़ेगी, जिससे पर्यावरणीय चिंता भी गहराती जा रही है।
एनएच हल्द्वानी खंड के अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक पेड़ कटान की अनुमति को लेकर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्य शुरू किया जाएगा।
एक साल पहले मिल चुकी है 709 करोड़ की मंजूरी
काठगोदाम से नैनीताल सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से करीब 709 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति एक वर्ष पहले ही मिल चुकी है। परियोजना के लिए आवश्यक 48 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण की बाधा भी दूर हो चुकी है। अब सबसे बड़ी अड़चन पेड़ों के कटान को लेकर अनुमति की है।
प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अधिकांश पेड़ नैनीताल वन प्रभाग के अंतर्गत आते हैं, जिनमें चीड़, तुन, कोकाट समेत कई अन्य प्रजातियां शामिल हैं। ये पेड़ वर्षों पुराने बताए जा रहे हैं।
लंबाई और पेड़ों की संख्या बदलती रही
इस परियोजना को लेकर बीते वर्षों में कई बार संशोधन किए गए। पहले सड़क को काठगोदाम से नैनीताल तक चौड़ा किया जाना था, फिर इसे ज्योलीकोट तक सीमित कर दिया गया। बाद में एक बार फिर नैनीताल तक ही चौड़ीकरण का प्रस्ताव बना।
इसी तरह, पेड़ों की संख्या भी लगातार बदलती रही। कभी यह संख्या 3,684, तो कभी 7,236 बताई गई, लेकिन अंतिम सर्वे में यह आंकड़ा बढ़कर 17 हजार से अधिक पहुंच गया।
पहली कंसलटेंट कंपनी लापता, अफसर भी बदलते रहे
परियोजना के सर्वे और डीपीआर के लिए सबसे पहले जयपुर की एक कंसलटेंट कंपनी का चयन किया गया था, लेकिन वर्ष 2019 में वह कंपनी अचानक लापता हो गई। इसके बाद उसकी सिक्योरिटी राशि जब्त की गई। बाद में गुरुग्राम की एक अन्य कंपनी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं, सर्वे के दौरान ही एनएच हल्द्वानी खंड के चार अधिशासी अभियंता बदले जा चुके हैं, जिससे परियोजना की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
अधिशासी अभियंता का बयान
एनएच हल्द्वानी खंड के अधिशासी अभियंता आशुतोष ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में कुल 17,400 छोटे-बड़े पेड़ आ रहे हैं। पेड़ कटान की अनुमति के लिए केंद्रीय मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।








