बकरीद को लेकर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर, ड्रोन से होगी निगरानी; अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

नैनीताल न्यूज़- आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की।
बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और भीड़ नियंत्रण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहते हुए पर्व को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, जनपद के भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, झील क्षेत्रों, पार्कों, शॉपिंग मॉल्स, बैराजों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से लगातार निगरानी की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर भ्रामक पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहेंगी ताकि पर्व के दौरान जाम जैसी स्थिति न बने। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को पीएसी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ एरिया डोमिनेशन और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थलों पर सत्यापन अभियान भी संचालित होगा। रात्रि के समय सीओ, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी स्वयं क्षेत्र में रहकर चेकिंग और गश्त करेंगे।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद का समस्त पुलिस बल ‘कमरबंदी’ की स्थिति में रहेगा, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बैठक में डॉ. जगदीश चंद्र, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बकरीद पर्व के लिए तैनात पुलिस बल
- एसपी – 03
- सीओ – 04
- SHO/SO – 14
- SI/ASI – 75
- हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 254
- PAC – 02 कंपनी
- फायर टीम – 05
- ड्रोन टीम – 04
- SDRF टीम – 02








