हल्द्वानी- फेसबुक LIVE में महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां: SSP नैनीताल के सख्त निर्देश पर आरोपी हिरासत में

हल्द्वानी न्यूज़– जनपद नैनीताल में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। फेसबुक पर लाइव वीडियो के दौरान वाहन चलाते हुए महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा, गाली-गलौच और अश्लील टिप्पणियां करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले में SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने वायरल फेसबुक लाइव वीडियो का संज्ञान लिया। वीडियो में रक्षित शर्मा नामक फेसबुक यूजर द्वारा सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाते हुए राह चलती महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए देखा गया, जिससे महिला सुरक्षा और सामाजिक मर्यादाओं पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए।
SSP के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। इसके बाद कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए प्रोफाइल संचालक रक्षित शर्मा पुत्र ललित शर्मा, निवासी दमुवाढूगा के विरुद्ध एफआईआर संख्या 04/26 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। साथ ही आरोपी को धारा 172 बीएनएस के अंतर्गत पुलिस हिरासत में लिया गया।
SSP नैनीताल का सख्त संदेश
SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि जनपद नैनीताल पुलिस महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा, अश्लील टिप्पणी या आपत्तिजनक आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा की दिशा में एक सख्त और स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस








