हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा 2027: आवेदन में सुधार का आज से मौका, 26 सितंबर तक खुलेगा पोर्टल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा के आवेदन पत्रों में हुई गलतियों को सुधारने के लिए संशोधन पोर्टल खोल दिया है। विद्यालय स्तर से छात्र-छात्राओं के आवेदन में जरूरी संशोधन निर्धारित समय सीमा के भीतर किए जा सकेंगे।
परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल के अनुसार, आवेदन पत्रों में संशोधन की प्रक्रिया 22 सितंबर की सुबह 10 बजे से शुरू होकर 26 सितंबर की मध्यरात्रि तक चलेगी। इस दौरान विद्यालयों को छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्रों की जांच कर आवश्यक त्रुटियों को ठीक करने का अवसर मिलेगा।
संशोधन के दौरान छात्र-छात्राओं के नाम, परीक्षा का माध्यम, विषय, जाति, विद्यालय से संबंधित विवरण समेत अन्य जरूरी जानकारी में सुधार किया जा सकेगा। विद्यालयों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर सभी आवेदन पत्रों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि बोर्ड परीक्षा से संबंधित अभिलेखों में किसी प्रकार की गलती न रह जाए।
हालांकि, परिषद ने स्पष्ट किया है कि छात्र के फोटो और हस्ताक्षर में संशोधन की अनुमति नहीं होगी। इन दोनों विवरणों में बदलाव इस प्रक्रिया के तहत नहीं किया जा सकेगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में संशोधन का यह अंतिम अवसर है। 26 सितंबर की मध्यरात्रि के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और इसके बाद आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।
ऐसे में विद्यालयों के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्रों की जांच कर लें और जहां आवश्यक हो, वहां सुधार सुनिश्चित करें। इससे हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 से जुड़े अभिलेखों में गलतियों की संभावना को कम किया जा सकेगा।








