हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूटी फिसलने के बाद किशोर के सिर पर चढ़ी बाइक, मौत

हल्द्वानी में शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा मुखानी थाना क्षेत्र की दोनहरिया सड़क पर जगदंबा बैंक्विट हॉल के पास हुआ, जहां स्कूटी सवार किशोर ओवरटेक करने के दौरान संतुलन खो बैठा और सामने से आ रही बाइक की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, अमरावती कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय उमेश मौर्य पुत्र शंकर लाल मौर्य घर से स्कूटी लेकर किसी काम से पनचक्की की ओर जा रहा था। इसी दौरान जगदंबा बैंक्विट हॉल के पास ओवरटेक करने के प्रयास में उसकी स्कूटी अचानक फिसल गई। स्कूटी रपटते हुए सड़क की दूसरी ओर चली गई और उमेश भी उसके साथ सड़क पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी समय सामने से आ रही एक बाइक उमेश के सिर के ऊपर से गुजर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को तत्काल ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन देर शाम उपचार के दौरान उमेश ने दम तोड़ दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का भयावह मंजर कैद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी आरती सचदेवा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








