नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंची धाम के पास यूपी के सैलानियों की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत, 4 घायल

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिला मुख्यालय के समीप कैंची धाम क्षेत्र में यूपी से आए सैलानियों की स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह कैंची धाम से पहले निगलाट क्षेत्र में हुआ, जब स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई की ओर जा गिरी। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जो सभी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और नैनीताल घूमने आए थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से भवाली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन की तेज रफ्तार और पहाड़ी सड़क पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।








