उत्तराखंड के 6 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों—देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अन्य पर्वतीय जिलों और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि ऊधम सिंह नगर जिले में मौसम फिलहाल शुष्क बना रह सकता है।
5 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
देहरादून का मौसम
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक वाले बादल विकसित होने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
4 अप्रैल को राज्य के पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। मैदानी जिलों में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा।
5 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
6 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।








