उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 80 सड़कें बंद, टिहरी बांध का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सात जिलों—देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
बारिश के अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग जिले की केदारघाटी में कोहरे के बीच हल्की बारिश हो रही है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में भी बादलों के साथ कोहरा छाया हुआ है। मौसम के इस मिजाज के चलते इन क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
टपकेश्वर मंदिर के पास पेड़ गिरा, कारें क्षतिग्रस्त
देहरादून में रविवार तड़के टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा बिजली के तारों पर टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने से कुछ कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी बाधित हुई। वहीं देहरादून की तमसा नदी भी उफान पर है।
प्रदेश में 80 सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में 80 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 15 सड़कें नैनीताल जिले की हैं। इसके अलावा चमोली और पिथौरागढ़ में 13-13 सड़कें बंद हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है।
टिहरी बांध का जलस्तर चेतावनी स्तर से 3.93 मीटर ऊपर
लगातार बारिश के बीच टिहरी बांध का जलस्तर 818.93 मीटर पहुंच गया है। यह बांध के 815 मीटर के चेतावनी स्तर से 3.93 मीटर अधिक है। हालांकि, बांध का खतरे का स्तर 830 मीटर निर्धारित है।
चोरगलिया में 63 मिमी बारिश
बीते 24 घंटे में नैनीताल जिले के चोरगलिया में सबसे ज्यादा 63 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने का खतरा बढ़ गया है।
24 अगस्त को तीन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
25 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश
25 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
26 अगस्त को भी बारिश से राहत नहीं
26 अगस्त को पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और भूस्खलन की स्थिति पर भी नजर बनाए रखना जरूरी है।








