लालकुआं में जंगली हाथी का कहर: दो लोगों को कुचलकर मार डाला, इलाके में दहशत

लालकुआं न्यूज़– तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ते में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दूसरा व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था और क्षेत्र में ही घूम रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा और वन विभाग के रेंजर रूपनारायण गौतम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्क रहें और अकेले बाहर न निकलें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








