देहरादून में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत

देहरादून न्यूज– शहर के जोहड़ी क्षेत्र स्थित तुला अपार्टमेंट में रहने वाले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की सोमवार सुबह गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। वह रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन रास्ते में दो गाड़ियों के बीच हुए विवाद की चपेट में आकर उनकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अपनी पत्नी के साथ तुला अपार्टमेंट में रहते थे और सोसायटी के अध्यक्ष भी थे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वह अपने दो साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। मालसी-सिनोला प्राथमिक विद्यालय के पास मेन रोड पर चलते समय अचानक तेज रफ्तार से आ रही दो गाड़ियों के बीच विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली वहां से गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई।
घटना के समय उनके साथ मौजूद सोसायटी सचिव एसपी शर्मा ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद पटाखों की आवाज है, लेकिन अगले ही पल ब्रिगेडियर जोशी जमीन पर गिर पड़े। उनके सीने में गोली का साफ निशान था और तेजी से खून बह रहा था। घटना के बाद दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गईं।
परिजनों के अनुसार, मुकेश जोशी वर्ष 2010 में भारतीय सेना से ब्रिगेडियर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने सेना की इंटेलिजेंस कोर में रहते हुए जम्मू-कश्मीर सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दी थीं। उनका बेटा भारतीय नौसेना में कमांडर है और वर्तमान में मॉरीशस में तैनात है, जबकि उनकी बेटी गोवा में पत्रकार हैं और इन दिनों घर आई हुई थीं।
इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सूचना मिलने के बाद उनका बेटा मंगलवार को देहरादून पहुंचने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।








