उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी- घर के सामने रोडवेज चालक को टैंकर ने कुचला, मौत: नशे में धुत चालक गिरफ्तार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हल्द्वानी न्यूज- नैनीताल जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड रोडवेज के चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित टैंकर ने चालक को उनके घर के सामने ही कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

 

जानकारी के अनुसार गौलापार पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल उत्तराखंड रोडवेज के काठगोदाम डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंचे, चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़- यहाँ फैक्टरी में पहले जेसीबी से अवैध खनन किया, फिर गड्ढे में भर दी राख, राजस्व विभाग ने मारा छापा

 

 

हादसे में अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

 

स्थानीय लोगों और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट ने आरोप लगाया कि टैंकर चालक हादसे के समय नशे में था। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे बाद में हिरासत में ले लिया। लोगों का कहना है कि गौलापार हाईवे पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ एसओजी व मुखानी पुलिस ने 02 शातिर चोर धर-दबौचे, चोरी किये गये आभूषण बरामद

 

 

यह हादसा परिवार के लिए दोहरी त्रासदी बनकर सामने आया है। वर्ष 2008 में अजय सिंह के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब 16 साल बाद एक और सड़क हादसे ने परिवार के दूसरे बेटे को भी छीन लिया। अजय अपने पीछे दो बेटियां, एक बेटा और बुजुर्ग मां को छोड़ गए हैं। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ करंट लगने से रामनगर के शिक्षक की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम।

 

 

पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार और रोडवेज विभाग से मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही नशे में वाहन चलाने वालों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

 

 

काठगोदाम पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर टैंकर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।