उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल ट्रेक से लापता हुई नैनीताल की युवती, खोज में जुटीं SDRF-NDRF की टीमें; ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से चल रहा सर्च ऑपरेशन

उत्तरकाशी न्यूज़- उत्तरकाशी के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई नैनीताल निवासी एक महिला ट्रैकर के लापता होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। युवती की तलाश के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर SDRF, NDRF, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। खोज अभियान में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी ‘तलाश गुमशुदा’ पोस्टर के अनुसार लापता महिला की पहचान बबीता पाण्डे (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के ग्राम चिल्किया की निवासी हैं। मामले में कोतवाली मनेरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बबीता पाण्डे 29 मई को अपने दो अन्य साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रेक के लिए रवाना हुई थीं। ट्रेक के दौरान वे ‘गोई’ नामक स्थान पर रुकी थीं। 30 मई को ट्रैकिंग के दौरान वह अचानक लापता हो गईं। साथियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू और सर्च अभियान शुरू कर दिया।
वर्तमान में SDRF और NDRF के जवान दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों और ट्रैकिंग मार्गों पर गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों को सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए प्राथमिकता के आधार पर युवती की तलाश करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि लापता युवती का कद लगभग 5 फीट, रंग गोरा तथा बाल काले-भूरे हैं। यदि किसी व्यक्ति को बबीता पाण्डे के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह कोतवाली मनेरी के प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9411112863 अथवा जांच अधिकारी के नंबर 8193990347 पर संपर्क कर सकता है।
प्रशासन को उम्मीद है कि संयुक्त सर्च अभियान के जरिए जल्द ही युवती का पता लगाया जा सकेगा।








