उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर: 6 जिलों में हीटवेव अलर्ट, अस्पताल अलर्ट मोड पर; पहाड़ों में राहत की उम्मीद

उत्तराखंड में गुरुवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत छह जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा है और सभी जिलों से रोजाना रिपोर्ट तलब की है। दूसरी ओर, गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक नैनीताल पहुंच रहे हैं, जहां नैनीझील के आसपास सुहावना मौसम लोगों को आकर्षित कर रहा है।
सुबह 10 बजे तक ही देहरादून का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। पंतनगर में 39.4°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर में पारा 39°C के आसपास रहा। काशीपुर में तापमान 38°C और कोटद्वार में करीब 38°C दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला।
मौसम केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर-काशीपुर क्षेत्रों में तापमान 42°C तक पहुंच सकता है। वहीं पौड़ी और उत्तरकाशी के निचले इलाकों में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
अस्पतालों में विशेष इंतजाम, हाई रिस्क लोगों पर नजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए हीटवेव गाइडलाइन जारी की है। स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि लू से होने वाली मौतों को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों को रोजाना रिपोर्ट भेजने और आईएचआईपी प्लेटफॉर्म पर हीटवेव मामलों को अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध मौतों की जांच और ऑडिट भी कराया जाएगा।
जिला और उप जिला अस्पतालों में हीटवेव मरीजों के लिए अलग वार्ड और विशेष कक्ष बनाए जा रहे हैं। अस्पतालों में कूलिंग सिस्टम, आइस पैक, ओआरएस, ठंडे फ्लूइड और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मरीजों के लिए “पहले ठंडा करें, फिर परिवहन करें” प्रोटोकॉल लागू करने पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को हाई रिस्क श्रेणी में रखा है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
देहरादून में दिनभर झुलसाएगी गर्मी
राजधानी देहरादून में आज मौसम साफ रहने और दिनभर तेज धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।
बुधवार को भी रहा गर्म दिन
एक दिन पहले बुधवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क और गर्म बना रहा। देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, काशीपुर और हल्द्वानी में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं नैनीताल और पौड़ी के निचले इलाकों में भी गर्मी का असर महसूस किया गया।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
22 मई 2026:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
23 मई 2026:
पर्वतीय जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन के आसार हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
24 मई 2026:
प्रदेशभर में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है। किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।








