रुड़की में दबंगों का आतंक: बीच सड़क युवकों को बेल्ट-डंडों से पीटा, खुद बनाया वीडियो

रुड़की से दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बाइक सवार दो युवकों को रोककर कुछ हमलावरों ने बेरहमी से पीट दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरी वारदात का वीडियो खुद बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना 29 मार्च की रात की बताई जा रही है और मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर इलाके का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक बीच रास्ते में बाइक सवार दो युवकों को रोक लेते हैं। पहले उनके साथ गाली-गलौज की जाती है, फिर अचानक हमलावर बेल्ट निकालकर दोनों पर टूट पड़ते हैं।
वीडियो में आगे दिखता है कि आरोपियों ने बेल्ट के अलावा डंडों और लात-घूंसों से भी दोनों युवकों की जमकर पिटाई की। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन उन्होंने खुद ही इस पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है।
पीड़ित पक्ष ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








